
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। कांग्रेस नेता और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने भाजपा और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को लेकर अपने तेवर कड़े किए हैं। शुक्रवार को हमीरपुर में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार गौरवमयी दो साल का जश्न मना रही थी तो दूसरी ओर रैली वाले दिन भाजपा के लोग गवर्नर से मिल सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। प्रेम कौशल ने जयराम को चुनौती देते हुए कहा कि जो आरोप भाजपा वाले लगा रहे हैं , अगर उनमें दम है या सच्चाई है तो एफिडेविट के साथ लोकायुक्त को प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि एक भी ऐसा मामला सीएम के खिलाफ या फिर सरकार के खिलाफ नहीं है। प्रेम कौशल ने कहा कि जयराम हिमाचल की राजनीति का पिटा हुआ मोहरा है। वहीं भाजपा की सोच रावण जैसी है जिसकी मानसिकता और कार्यप्रणाली रावण की तरह विघटनकारी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा दशानन की तरह अलग अलग मुंह से अलग अलग भाषा बोल रहे हैं। कांग्रेस सरकार की जनसभा में तमाम नेताओं ने तथ्यों के ऊपर बात की। रैली में हमने अपना दो साल का रिपोर्ट कार्ड रखा। प्रेम कौशल के मुताबिक अब तक भाजपा कांग्रेस की सरकार तोड़ने के अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हुई। कांग्रेस सरकार ने दो साल का कार्यकाल पूरा किया और अगले तीन साल का रोड़मैप जनता का सामने रखा। उल्टा भाजपा सरकार के वक्त की रैलियों का खर्चा और आजादी का अमृतोसव का खर्च कैबिनेट की मीटिंग में सीएम को पूरा करना पड़ा। उन्होंने फिर दोहराया कि हिमाचल में भाजपा के सपने किसी आधार पर पूरे होने वाले नहीं। भाजपा विघटन का शिकार है। भाजपा नेता कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार इस लिए करते हैं , क्योंकि उनमें प्रतिस्पर्धा चल रही है। प्रेम कौशल ने कहा कि हमारी गारंटियों को जनता ने स्वीकार किया है और सरकार आगे भी गारंटियों को पूर्ण करेगी।












