
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ और मोहाली की सीमा पर बीते कई महीनों से पक्का मोर्चा लगाए बैठे कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले भी दागे। मिली जानकारी मुताबक सिख बंदियों की रिहाई के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा के सैकड़ों सदस्यों की तरफ से मार्च निकाला जा रहा था। लेकिन इस दौरान अपनी मांगों को लेकर मार्च में मौजूद लोग चंडीगढ़-मोहाली हाईवे पर आईएसबीटी-43 बस स्टैंड के सामने सड़क के बीच बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस वजह से वहां ट्रैफिक जाम हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

इस दौरान सेक्टर-11 थाना प्रभारी जयवीर राणा और एएसआई रमेश कुमार घायल हुए हैं। दोनों को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एक महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई है, जिसे सेक्टर 16 अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, अब मोर्चा हाईवे से हट गया है। साथ ही मोर्चा ने 25 जनवरी को मोहाली में महापंचायत बुला ली है। इस मार्च को आतंकी हवारा का पिता लीड कर रहा था। इस बीच प्रदर्शनकारियों की तरफ से पत्थर उठा लिए, जिसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर का सिर भी फट गया है, जिसे अस्पताल ले जाया गया है।
इस समय तनाव की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर तैनात है। पुलिस की तरफ से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इसी बीच निहंगों का भी एक ग्रुप मौके पर पहुंच गया और पुलिस को लाठी चार्ज करता देख निहंगों ने भी तलवारें लहरानी शुरू कर दी। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस के अलावा पंजाब पुलिस, रिजर्व बटालिन, रैपिड फोर्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की फोर्स को लगाया गया है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।












