
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। कनाडा से पंजाबी रेडियो स्टेशन चलाने वाले मशहूर पत्रकार जोगिंदर बासी के घर पर खालिस्तानी बदमाशों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी देते जोगिंदर बासी ने बताया कि उसके घर पर 20 जनवरी को हमला हुआ, उन्होंने बताया कि इस घटना में उनका परिवार पूरी तरह से सुरक्षित हैं। जोगिंदर बासी ने कहा कि वह आज भारत लौट रहे है। यह हमला उसके भारत लौटने से पहले किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि यह हमला किसी और ने नहीं बल्कि खालिस्तानी बदमाशों ने किया है। बता दें कि जोगिंदर बासी को पहले भी खालिस्तानियों की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। भारत में उन्हें पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा दी जाती है। हर वक्त उनके साथ सुरक्षा घेरा चलता है। कनाडा के टोरंटो में प्रसारित होने वाले लोकप्रिय बासी शो के संपादक जोगिंदर बासी को पंजाब में कई लोग सुनते हैं। वह अपने पॉडकास्ट और हास्य शैली के लिए चर्चा में रहते हैं। करीब 3 महीने पहले दुबई के नंबर से एक युवक ने उन्हें मैसेज भेजकर धमकी दी थी। इस संबंध में जोगिंदर बासी की टीम ने कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। कनाडा के टोरंटो से चलने वाले बासी का शो पंजाब और कनाडा में पत्रकारिता के हास्य शैली के लिए मशहूर है। आरोपी ने बासी को मैसेज किया था कि तुम्हारा अंत: निकट है। अपने देवताओं का ध्यान करो। अंत: में आरोपी ने बासी को भारतीय जासूस कहकर संबोधित किया।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले कनाडा में कुछ खालिस्तानियों ने भारतीय ध्वज का अपमान किया था और तिरंगे को फाड़ दिया था। इसके साथ ही आरोपियों ने उक्त तिरंगे पर पैर रखकर खालिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए थे। इस पूरे मामले को लेकर जोगिंदर बासी ने एक वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब पर अपलोड कर दिया था। जिसके बाद उन्हें उक्त धमकी मिली है। रेडियो शो के दौरान बासी ने भारतीय ध्वज का अपमान करने वालों को फटकार लगाते हुए कहा कि जो लोग भारत से आकर कनाडा में बसे हैं, उनकी मातृभूमि भारत है और तिरंगे का अपमान करना अपनी मातृभूमि का अपमान करने के बराबर है। तिरंगा फाड़कर खालिस्तानी अपनी मां के कपड़े फाड़ रहे हैं। जोगिंदर बासी ने हाल ही में अपने रेडियो पर खालिस्तानी समर्थक गुरसेवक सिंह द्वारा कनाडा में फिरौती मांगने की खबर प्रसारित की थी। आपको यह भी बता दें कि कनाडा में जोगिंदर बासी के घर पर पहले भी हमला हो चुका है। यह हमला सितंबर 2021 के महीने में हुआ था। आरोपियों ने बासी के घर के बाहर कई गोलियां चलाई थीं। बासी साल में कुछ महीने भारत में रहते हैं और ज़्यादातर अपने काम के लिए कनाडा में ही रहते हैं। वहीं बासी का पूरा परिवार पंजाब के जालंधर में रहता है।











