Saturday, October 17, 2026
Home Hoshiarpur निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही एनिमल केयर सोसाइटी, बीमार गोधन को...

निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही एनिमल केयर सोसाइटी, बीमार गोधन को दिलाई नई जिंदगी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आज के समय में जब लोग गोधन (गाय) को सिर्फ दूध देने तक सीमित समझते हैं और दूध न देने पर सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं, ऐसे में एनिमल केयर सोसाइटी निस्वार्थ सेवा कर इन बेजुबान प्राणियों की देखभाल में जुटी हुई है। इसी सेवा भावना का एक उदाहरण ग्रीन वैली, होशियारपुर में देखने को मिला, जब एक बीमार गोधन कई दिनों से बेबस अवस्था में पड़ा रहा और किसी ने उसकी सुध नहीं ली। ग्रीन वैली निवासी अरविंद धीमान, सतीश गोयल ने जब इस गोधन को अपने घर के सामने बेसहारा पड़ा देखा तो उन्होंने नई सोच संस्था के अध्यक्ष अश्वनी गेंद को इस बारे में सूचना दी। अश्वनी गेंद ने तुरंत एनिमल केयर सोसाइटी के सदस्य चांद कौशल और रघुवीर गिल से संपर्क करने को कहा। सूचना मिलते ही सोसाइटी के दोनों सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के गोधन की देखभाल शुरू कर दी। उन्होंने तुरंत वेटरनरी डॉक्टर संदीप से संपर्क किया, जिन्होंने मौके पर आकर गोधन का उपचार शुरू किया।

Advertisements

गोधन की गंभीर हालत को देखते हुए एनिमल केयर सोसाइटी ने उसका पूरा इलाज अपनी जेब से करवाने का फैसला किया। डाक्टर संदीप के मार्गदर्शन में उचित दवाइयां और देखभाल उपलब्ध कराई गई, जिससे गोधन की हालत में सुधार आने लगा। यह पूरी सेवा निःस्वार्थ भाव से की गई, बिना किसी सरकारी सहायता के। सोसाइटी के सदस्य चांद कौशल और रघुवीर गिल ने कहा कि उनकी संस्था ऐसे बेसहारा और बीमार जानवरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है और शहरवासियों से भी अनुरोध किया कि वे इन बेजुबान जानवरों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा कि अगर कोई इस तरह की स्थिति देखे तो तुरंत एनिमल केयर सोसाइटी या वेटरनरी विभाग से संपर्क करें, ताकि समय पर उचित उपचार दिया जा सके और किसी भी जीव की अनदेखी न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here