
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मानसा में परविंदर सिंह झोटा और बीते दिन हरगोबिंदपुर के गांव माड़ी पन्नवां के निवासी बिक्रमजीत सिंह की हत्या के विरोध में तथा पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा के दिशा-निर्देशों पर होशियारपुर जिले में प्रदर्शन किया गया। पंजाब यूथ कांग्रेस के सचिव एवं जालंधर शहरी के प्रभारी पवित्रदीप सिंह आहलूवालिया के नेतृत्व में महासचिव गुरप्रीत सिंह धालीवाल, ब्लॉक-1 के अध्यक्ष जगजोत सिंह आहलूवालिया और ब्लॉक भुंगा के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने सदर थाने के पास और पुरानी कचहरियों के सामने लगे मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘ईमानदार सीएम’ वाले पोस्टरों पर काली स्प्रे कर दी और उन पर ‘बेईमान सीएम’ लिखकर पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस मौके पर आहलूवालिया ने कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम पूरी तरह विफल साबित हुई है। पंजाब में नशा तस्कर खुलेआम घूम रहे हैं और आए दिन नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले पंजाब के युवाओं को मौत के घाट उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर पंजाब के मुख्यमंत्री अपनी झूठी वाहवाही बटोरने के लिए पूरे पंजाब में अपने ‘ईमानदार सीएम’ के पोस्टर लगवा रहे हैं, जिसका वे खुलकर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं के अधिकारों के लिए यूथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। संगठन अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने आगे कहा कि मान सरकार को बेरोजगारी, नशे और गैंगस्टरवाद जैसे मुद्दों पर जवाब देना होगा।












