Tuesday, October 20, 2026
Home Himachal टौणी देवी का आदर्श सारथी रोड सेफ्टी क्लब बच्चों को सिखा रहा...

टौणी देवी का आदर्श सारथी रोड सेफ्टी क्लब बच्चों को सिखा रहा है सड़क सुरक्षा के नियम

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। भारत में हर साल करीब 1.5 लाख लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा देते हैं। स्कूली छात्र प्रतिदिन सड़कों का उपयोग करते हैं, इसलिए उनके लिए यातायात नियमों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी के कारण कई दुर्घटनाएं होती हैं, जिन्हें नियमों का पालन कर रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में “आदर्श सारथी रोड सेफ्टी क्लब” सक्रिय रूप से छात्रों और क्षेत्र के नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में प्रधानाचार्य रजनीश रांगडा ने कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। सड़क नियमों का पालन करने से न केवल हम, बल्कि अन्य लोग भी सुरक्षित रह सकते हैं। क्लब के नोडल अधिकारी संजय ठाकुर ने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और समझाया कि पैदल चलते समय हमेशा फुटपाथ का उपयोग करें, जहां फुटपाथ न हो, वहां सड़क के बाईं ओर चलें।

Advertisements

वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचें और कभी भी ट्रैफिक सिग्नल तोड़कर रास्ता पार न करें। उन्होंने ट्रैफिक संकेतों और नियमों की संपूर्ण जानकारी रखने और उनका पालन करने का आह्वान किया। इस क्लब के अंतर्गत स्कूल में हर साल “सड़क सुरक्षा सप्ताह” का आयोजन किया जाता है, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाती हैं। इस वर्ष स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, वाद-विवाद और जागरूकता रैली आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में कोमल प्रथम,भावना  द्वितीय और गुरप्रीत  तृतीय स्थान जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में चेतना प्रथम, आदित्य द्वितीय और भूमिका तृतीय स्थान पर रहे शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह एवं सभी प्रतिभागियों को मैडल से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में कुसुम लता, संजीव, सुरेश, कविता, सतीश सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here