
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अनिल भारद्वाज। जम्मू के जिला राजौरी में अवैध नशीले पदार्थों ( इललीगल ड्रग्स) से संबंधित अपराधों पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर से संबंधित एक तिमंजिला आवासीय घर और एक कार सहित लगभग 53 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क (जब्त) है। जानकारी के मुताबिक आरोपी तस्कर पिछले समय से अवैध कार्यों में शामिल था। जिस पर पुलिस कार्रवाई अमल में लाई। आरोपी तस्कर सरकारी डाकबंगला समीप वार्ड न. 2 का निवासी था।

यह कार्रवाई राजौरी पुलिस स्टेशन की एक टीम द्वारा की गई जिसका नेतृत्व स्टेशन हाउस ऑफिसर ने किया और डीएसपी हेडक्वार्टर राजौरी की देखरेख में की गई। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति में एक तीन मंजिला आवासीय भवन और एक कार शामिल है, जो हारून रशीद पुत्र अब्दुल रशीद नामक एक व्यक्ति की थी। यह व्यक्ति नशीली दवाओं के अवैध व्यापार में शामिल था और उसने यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की थी।
राजौरी पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की धारा 68(एफ) के तहत यह कार्रवाई की। राजौरी पुलिस ने कहा कि वह नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी जो इस अवैध व्यापार में शामिल हैं।












