
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध एवं रोष स्वरुप विभिन्न संगठनों द्वारा दी गई बंद की कॉल को सफल बनाने के लिए और संगठन भी समर्थन के लिए आगे आए हैं और उन्होंने दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्कूलों एवं कालेजों के प्रबंधकों से आग्रह किया है कि आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को सच्ची श्रद्धांजलि भेंट करने के स्वरुप 24 अप्रैल को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे जाएं ताकि पूरे देश में एकजुटता का संदेश पहुंच सके।

इस संबंधी विभिन्न संगठनों की हुई बैठक में मौजूद निपुण शर्मा, भारत भूषण वर्मा, लक्की ठाकुर, सुधीर शर्मा, सुमित ओहरी, अश्वनी शर्मा छोटा, विवेक शर्मा, पवन शर्मा, सुमित ओहरी, आशीष सूद व अन्यों ने एकजुटता के साथ बंद का आह्वान करते हुए कहा कि बड़े दुख की बात है कि जिस जम्मू-कश्मीर की सुन्दरता और शांति लौटाने के प्रयास सफलता की ओर बढ़ रहे हैं, उसे कुछ लोगों से देखा नहीं जा रही है।
इसलिए वह धर्म एवं जाति आधारित आतंकवाद फैलाकर वहां पर पुनः अशांति फैलाने के प्रयास कर रहे हैं। लेकिन पूरा देश जहां इन पर्यटकों के साथ खड़ा है वहीं सभी देशवासी आतंक का सिर कुचलने के लिए केन्द्र सरकार के साथ खड़े हैं। उन्होंने होशियारपुर वासियों से अपील की कि वह बंद में सहयोग करके आतंक के खिलाफ आवाज बुलंद करके साफ संदेश दें कि भारत में इसके लिए कोई जगह नहीं है।











