
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में शामिल स्थानीय आतंकी आदिल हुसैन थोकर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा के गोरी इलाके में स्थित घर को सुरक्षाबलों ने बम से उड़ा दिया है। वहीं इस हमले में शामिल दूसरे स्थानीय आतंकी आसिफ शेख के त्राल स्थित घर पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। आदिल थोकर उर्फ आदिल गुरी के इस आतंकी पर पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने का आरोप है।

भारतीय सेना और सुरक्षाबलों को उस समय सतर्कता दिखानी पड़ी जब हमले में शामिल आतंकवादी आसिफ शेख के मोगामा स्थित घर की तलाशी के दौरान एक संदिग्ध बॉक्स मिला। इस बॉक्स से तार बाहर निकले हुए थे। प्रारंभिक जांच में आईईडी होने का संदेह हुआ। जिसके बाद मौके पर पहुंचे भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की इंजीनियरिंग टीम ने बम की पुष्टि की। जिसके बाद बॉक्स को स्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।












