
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने विधायकों के लोकल एरिया डेवलपमेंट फंड में कटौती करने का फैसला लिया है। विकास के लिए विधायकों को 15 करोड़ मिलते थे, जिसे कम करते हुए अब 5 करोड़ कर दिया गया है। दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग द्वारा जारी एक हालिया आदेश में कहा गया कि ‘2 मई को कैबिनेट के फैसले के अनुसार विधायक एलएडी फंड को 5 करोड़ रुपये कर दिया गया है।’ विधायक इस पैसे का इस्तेमाल अपने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, सड़कों, स्कूलों और अन्य विकास के काम में करते हैं। आदेश में कहा गया कि ‘यह एक अनरिस्ट्रिक्टेड फंड होगा।

इसमें परिसंपत्तियों की मरम्मत और रखरखाव के लिए बिना किसी सीमा के खर्च किया जा सकेगा।’ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘एक भाजपा विधायक ने कहा कि ‘सरकार ने विधायक LAD फंड के तहत 350 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। इन पैसों को दिल्ली के 70 विधायकों में 5-5 करोड़ रुपये के तौर पर बांटा गया है।’ जानकारी के मुताबिक, सरकार ने यह कदम फालतू के खर्चों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। साथ ही इससे विकास के काम ज्यादा पारदर्शी तरीके से किए जा सकेंगे।












