
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब की पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता तथा श्री दुर्ग्याणा कमेटी की अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन सिर्फ सरकारी या औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर नागरिक को इसमें सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने अपील की कि 15 अगस्त को देशभर के मंदिरों, गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का संदेश समाज के हर कोने तक पहुंचे।

चावला ने कहा कि भारत की आज़ादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। इस दिन को मनाने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि हम अपने देश की एकता, अखंडता और संस्कृति को सम्मान दें। उन्होंने कहा कि जैसे सरकारी भवनों और स्कूलों में तिरंगा लहराया जाता है, वैसे ही मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में भी ध्वजारोहण कर देशभक्ति का संदेश दिया जाए। पूर्व मंत्री ने कहा कि मंदिर न केवल पूजा-पाठ का केंद्र होते हैं, बल्कि समाज को संस्कार और प्रेरणा देने वाले स्थल भी हैं। ऐसे में यदि मंदिरों में तिरंगा फहराया जाएगा।
लक्ष्मीकांता चावला ने यह भी कहा कि आज़ादी का पर्व हमें सिर्फ खुशी ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम भ्रष्टाचार, सामाजिक बुराइयों और विभाजनकारी प्रवृत्तियों से दूर रहकर देश की प्रगति में योगदान देंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तिरंगा सम्मान अभियान में भाग लें और अपने घर, गली और मोहल्ले में ध्वजारोहण करें। उन्होंने अंत में कहा, “हमारा देश हमारी पहचान है, और तिरंगा उसका गौरव। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर इसे हर दिल और हर आंगन में लहराएं।












