
उत्तराखंड (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तराखंड के सोनप्रयाग में केदारनाथ धाम में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। जिसकी वीडियों पर सोशन मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सोनप्रयाग में श्रद्धालुओं को बैरिकेड लगाकर जब पुलिस ने रोका तो पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी और बेकाबू हो गई। कुछ श्रद्धालु बैरिकेड तोड़कर धाम की तरफ जाने का प्रयास करने लगे।

एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे ने कहा कि सोनप्रयाग में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रियों को रोकने के बाद भी वो जबरदस्ती कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान कुछ यात्रियों के साथ पुलिस की नोक झोंक हुई। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुलिस प्रशासन प्रतिबद्ध है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद श्रद्धालुओं को रोका गया है। मौसम साफ होने पर यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा।












