
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। शहीद मदनलाल ढींगरा स्मारक समिति की ओर से गोलबाग में आयोजित शहीद मदनलाल ढींगरा के बलिदान दिवस के अवसर पर करवाए गए राज्य स्तरीय समारोह में शहर के उत्साही युवाओं ने रक्तदान किया। समिति की ओर से लगाए गए इस शिविर में युवाओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर समिति की संरक्षक व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने इन युवाओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविर में चालीस से ज्यादा युवाओं ने रक्तदान किया। प्रो चावला ने कहा कि शहीद के बलिदान दिवस पर हर युवा रक्तदान करे। अमृतसर के सभी समाजसेवी संस्थाओं से, स्कूलों-कालेजों से यह निवेदन है कि वे अपने सदस्यों व स्कूल के बच्चों सहित स्मारक पर आएं।

मदनलाल ढींगरा का बलिदान, उसकी जीवनगाथा हर विद्यार्थी तक पहुंचाएं। सबसे जरूरी तो यह है कि सभी अध्यापक मदनलाल सहित शहीदों से परिचय प्राप्त करें और अपने बच्चों को बताएं। पंजाब सरकार से भी अपील है कि वे स्कूल पाठ्यक्रम में एक पूरा अध्याय मदनलाल के जीवन पर बच्चों को पढ़ाएं। सभी समाजसेवी संस्थाओं को शहीदों के बलिदान दिन पर रक्तदान शिविर और सेवा कैंप लगाने ही चाहिए। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी, एडीसी रोहित गुप्ता, डीसीपी आलम, एसपी हेडक्वार्टर परमिंदर कौरडा. राकेश शर्मा, टीनू राजपूत, माला चावला, अनिल पाठक, किशोर चड्ढा, पीके गोयल, राजेश बंटू, नीलम शर्मा, प्रो. ललित, प्रो. विपिन आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












