
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से खेलों व युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “खेडां वतन पंजाब दीयां” की शुरुआत इस बार होशियारपुर से होगी। इस संबंधी प्रदेश स्तरीय उद्घाटन समारोह 3 सितंबर को लाजवंती मल्टीपरपज स्टेडियम, होशियारपुर में बड़े उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश स्तरीय खेल मुकाबलों की भी शुरुआत होगी।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज जिला प्रशासनिक परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समागम की तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का भी एक सशक्त माध्यम है।
बैठक के दौरान विभिन्न कार्यों को सुचारु रूप से सम्पन्न करने हेतु अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया। हर कमेटी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें खेल मुकाबलों की व्यवस्थाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन, अतिथियों का स्वागत, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और साफ-सफाई संबंधी इंतज़ाम शामिल हैं। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और लगन से निभाएं ताकि जिला होशियारपुर इस आयोजन के लिए पूरे प्रदेश में मिसाल कायम कर सके।
आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने जिला वासियों से भी अपील की कि वे इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर न केवल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं बल्कि इस महत्त्वपूर्ण पहल को सफल बनाने में भागीदारी निभाएं। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, एसपी नवनीत कौर गिल, आरटीओ अमनदीप कौर, एसडीएम दसूहा कंवलजीत सिंह, एसडीएम होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, सहायक कमिश्नर परमप्रीत सिंह, डीएसपी मनप्रीत कौर शीमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।












