
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर गत रात्रि करीब साढे 10 बजे मंडियाला के समीप महिन्द्रा पिकअप व गैस टैंकर के बीच टक्कर के बाद गैस रिसाव के कारण आग लग गई और इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक झुलस जाने का समाचार है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि गैस के कारण घरों में रखे गैस सिलंडर भी फट गए, जिससे आग और बढ़ गई। धमाकों के साथ ही हर तरफ चीख पुकार मच गई तथा हर कोई मदद के लिए दौड़कर मौके पर पहुंचने लगा था। लेकिन गैस रिसाव के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस हादसे में आसपास की दुकानों व घरों का भी काफी नुकसान हो गया है।

आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें काफी दूर से भी देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही जहां फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज कर दी थीं, वहीं आग पर काबू पाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि आग एवं गैस रिसाव के कारण सारा इलाका बारुद में बदल चुका था। इसी दौरान सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत, जिलाधीश आशिका जैन व विधायक ब्रमशंकर जिम्पा ने मौके पर पहुंचकर हालात के जायजा लिया और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम भी जाना। पुलिस ने हादसे की जांच शुरु कर दी थी।












