
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लायंस क्लब होशियारपुर प्रिंस की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें रिटायर्ड मुख्य अध्यापिका स्वतंत्र बत्रा को शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के प्रधान रणजीत सिंह राणा ने की, जबकि समारोह में जिलाधीश (डीसी) आशिका जैन मुख्य अतिथि के तौर पर और असिस्टेंट कमिश्नर ओएशी मंडल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ललिता अरोड़ा भी उपस्थित रहीं।
डीसी आशिका जैन ने कहा कि –
“समाज को दिशा देने में अध्यापकों का योगदान अमूल्य है। रिटायर्ड होने के बाद भी यदि किसी अध्यापक को सम्मानित किया जाता है, तो यह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। स्वतंत्र बत्रा जी ने शिक्षा के क्षेत्र में जो सेवाएँ दी हैं, वे सराहनीय और अनुकरणीय हैं।”
डीईओ ललिता अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि –”अध्यापक ही बच्चों के भविष्य की नींव रखते हैं। स्वतंत्र बत्रा जैसी शिक्षाविद जब सम्मानित होती हैं, तो यह पूरे शिक्षा विभाग के लिए गर्व की बात है।”
समारोह में प्रिंसिपल शलेद्र ठाकुर, प्रिंसिपल धीरज वशिष्ठ, प्रिंसिपल राजन अरोड़ा, प्रिंसिपल तिरलोचन सिंह, प्रिंसिपल चंद्र मोहन वर्मा और प्रिंसिपल विशालि चड्ढा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












