
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। बांग्लादेश में बीते कई दिनों से बड़े स्तर पर हिंसा हो रही है। वहीं हिंदू युवकों को मौत के घाट उतार दिया गया है और अन्य कई हिंदुओं पर जमकर जुल्म किया जा रहा है। इस बीच अब बांग्लादेशी कट्टरपंथी भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में अस्थिरता फैलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। असम एसटीएफ ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी असम और त्रिपुरा से की गई है। असम एसटीएफ ने केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया सूचना के आधार पर ये गिरफ्तारियां कीं। बता दें कि IMK का गठन 2018 में हुआ था और इसके संबंध JMB और AQIS जैसे खतरनाक संगठनों से जुड़े बताए जाते हैं।

यह मॉड्यूल भारत में आर्म्ड जिहाद और डिजिटल जिहाद दोनों को अंजाम दे रहा था। कट्टरपंथी विचारधारा को फैलाने के लिए यह नेटवर्क सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का व्यापक इस्तेमाल करता था। इस मॉड्यूल ने विशेष रूप से असम के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को टारगेट किया। उन्हें सोशल मीडिया के ज़रिए कट्टरपंथ की ओर उकसाया गया। भर्ती होने वाले युवाओं से वीडियो के जरिए ‘ओथ’ (शपथ) दिलवाई जाती थी। फिर ये वीडियो बांग्लादेश भेजे जाते, जहां से मॉड्यूल को निर्देश मिलता था।
फंड ट्रांसफर के लिए मॉड्यूल ने हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था। यह पैसे का लेन-देन ट्रैक करना मुश्किल बनाने और गतिविधियों को गुप्त रखने का मुख्य तरीका था। इस पूरे मॉड्यूल को बांग्लादेश में बैठे एक ‘अमीर’ द्वारा नियंत्रित किया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक उसका नाम ज्वेल महमूद उर्फ़ इमाम महमूद साहिदुल्लाह है जो कि JMB का पूर्व सदस्य है। इसके अलावा, यह मॉड्यूल JMB, ABT और AQIS से निर्देश लेता था. असम में इस नेटवर्क की कमान तमीम के हाथ में थी।












