Friday, October 30, 2026
Home Education पंजाब के प्राईमरी स्कूलों में शिक्षकों का होगा ‘तबादला’: छात्र संख्या के...

पंजाब के प्राईमरी स्कूलों में शिक्षकों का होगा ‘तबादला’: छात्र संख्या के आधार पर तय होगी तैनाती, विभाग ने जारी किए नए निर्देश

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी और छात्रों के अनुपात में असमानता को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने ‘छात्र-शिक्षक अनुपात’ को सुव्यवस्थित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO-EE) को जिले के भीतर ही शिक्षकों के अस्थायी प्रबंध करने के अधिकार सौंप दिए हैं। यह फैसला स्कूलों में शिक्षकों की संख्या में आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए लिया गया है।
विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यू-डाइस और ‘ई-पंजाब’ पोर्टल के आंकड़ों से यह स्पष्ट हुआ है कि राज्य के कई स्कूलों में छात्र संख्या के मुकाबले शिक्षकों की संख्या या तो बहुत अधिक है या बेहद कम। इस विसंगति को समाप्त करने के लिए अब नए शैक्षणिक सत्र और जरूरत के मुताबिक शिक्षकों को एक स्कूल से दूसरे स्कूल में अस्थायी रूप से तैनात किया जाएगा।
विभाग ने छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों की जरूरत का एक चार्ट जारी किया है:

Advertisements
  • 1 से 20 छात्र: 1 शिक्षक
  • 21 से 60 छात्र: 2 शिक्षक
  • 61 से 90 छात्र: 4 शिक्षक
  • 91 से 120 छात्र: 5 शिक्षक
  • 121 से 150 छात्र: 6 शिक्षक
  • 351 से अधिक छात्र: प्रत्येक अतिरिक्त 40 छात्रों पर एक अतिरिक्त शिक्षक।
    नए निर्देशों के तहत, दूर-दराज और पिछड़े इलाकों के स्कूलों को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों को स्थानांतरित करते समय सबसे पहले उसी सेंटर स्कूल के भीतर, फिर ब्लॉक और उसके बाद साथ लगते ब्लॉक के स्कूलों में भेजने का विकल्प चुना जाएगा। ‘एग्जेंप्टेड कैटेगरी’ (छूट प्राप्त श्रेणी) और वे शिक्षक जिनकी सेवानिवृत्ति में एक वर्ष से कम समय बचा है, उन्हें उनकी सहमति के बिना स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
    शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी होगी। जिला शिक्षा अधिकारी हर तीन महीने में इन तैनातियों की समीक्षा करेंगे और मुख्यालय को रिपोर्ट भेजेंगे। विशेष परिस्थितियों में, डीईओ के पास 15 दिनों के लिए किसी भी शिक्षक की ड्यूटी लगाने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here