
दसूहा (द स्टैलर न्यूज़)। शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते सुबह और रात के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों और सड़क किनारे काम करने वाले लोगों के लिए यह ठंड किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

कृष्णा कॉलोनी, दसूहा में ठंड से बचाव के लिए दुकानदारों को जगह-जगह आग जलाकर अपने हाथ और शरीर तापते हुए देखा गया। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के बीच अलाव ही लोगों का सहारा बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि ठंड इतनी अधिक है कि बिना आग जलाए दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है, लेकिन रोज़ी-रोटी के लिए उन्हें मजबूरी में काम पर आना पड़ता है।
डॉक्टरों ने भी इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनने, गरम पेय पदार्थ लेने और अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर न निकलने की अपील की गई है।












