
होशियारपुर ( द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से राज्य के नागरिकों को विश्वस्तरीय और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के अंतर्गत आज विधानसभा क्षेत्र होशियारपुर में लाभार्थियों के पंजीकरण की शुरुआत की गई। इस जनकल्याणकारी योजना का शुभारंभ विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने किया।

इस अवसर पर विधायक ज़िम्पा ने कहा कि आज औपचारिक तौर पर विधानसभा क्षेत्र के 23 स्थानों जिसमें शहर के वार्डों के अलावा गांव शामिल है, में इस योजना के तहत लोगों तक पहुंच की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव ला रही है। इस योजना के लागू होने से राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का कैशलेस और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब महंगे निजी अस्पताल भी गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिकों के लिए सुलभ होंगे, जो लोक सेवा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है।
विधायक ज़िम्पा ने कहा कि इस योजना की शुरुआत से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत इलाज के लिए किसी प्रकार की आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 2,356 से अधिक इलाज पैकेज शामिल किए गए हैं, जिनमें सामान्य बीमारियों से लेकर हृदय रोग, कैंसर, किडनी डायलिसिस एवं ट्रांसप्लांट, न्यूरो सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, प्रसव सेवाएं, नवजात शिशु देखभाल, दुर्घटना एवं आपातकालीन उपचार जैसी विशेष सेवाएं शामिल हैं। इलाज के साथ-साथ सभी आवश्यक जांचें और दवाइयां भी पूरी तरह मुफ्त होंगी।
विधायक ज़िम्पा ने कहा कि जैसे ही मरीज अस्पताल में भर्ती होगा, इलाज पूरी तरह कैशलेस होगा और केवल स्वास्थ्य कार्ड दिखाने से सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। वर्तमान में योजना के अंतर्गत 850 से अधिक सरकारी व निजी अस्पताल सूचीबद्ध किए जा चुके हैं और आने वाले समय में और अस्पताल जोड़े जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब आज देश का पहला राज्य बन चुका है जहां हर नागरिक को मुफ्त स्वास्थ्य, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली और मुफ्त बस यात्रा की गारंटी दी गई है। यह योजना पंजाब सरकार की जन-पक्षीय सोच और आम आदमी की भलाई के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस अवसर पर ज़िला परिषद सदस्य कुलजीत सिंह, यूथ कोऑर्डिनेटर प्रीतपाल सिंह, एडवोकेट अमरजोत सैनी के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।











