
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), कमल वर्मा। बाल विकास परिषद (रजि.), होशियारपुर द्वारा वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह महंत रमिंदर दास जी की सरपरस्ती में डेरा बाबा चरण शाह जी, बहादुरपुर में अत्यंत सफलतापूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के प्रधान डॉ. सुभाष मेहता जी द्वारा उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करने तथा परिषद की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देने से हुआ।
इस अवसर पर 30 नवंबर 2025 को आयोजित संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों से प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं मेरिट स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र, पुस्तक तथा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता संजीव कुमार अग्रवाल (मैनेजिंग डायरेक्टर, सत्य किरण इंडस्ट्री प्रा. लि., होशियारपुर) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अंशुल शर्मा (मैनेजिंग डायरेक्टर, स्टेप सॉल्यूशन स्कूल एंड कोचिंग इंस्टिट्यूट, होशियारपुर) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित करते हुए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। समारोह में कुल ₹87,000 की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई तथा 115 विद्यार्थी अपने अभिभावकों सहित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर परिषद की ओर से प्रधान डॉ. सुभाष मेहता, वाइस प्रधान आर.सी. मेहता, जनरल सेक्रेटरी मदन लाल महाजन, कोषाध्यक्ष बलदेव प्रसाद, रजिस्ट्रार शक्ति वाला शर्मा, जॉइंट सेक्रेटरी वीना चोपड़ा एवं कुलवंत कौर, अमरजीत सिंह टाटरा, चंद्रबाला शर्मा, चेतन सूद, राजदीप सिंह, बलविंदर जीत, अमित नागपाल, तमन्ना बाबू, फिरोजी खातून, नीरज सैनी, उषा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ स्मरणीय तस्वीरें खिंचवाईं तथा सभी प्रतिभागियों के चेहरों पर प्रसन्नता एवं उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।











