
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग जारी है। ट्रंप ने कहा कि यह जंग 4-5 हफ्ते तक चल सकती है। इजरायल की वायुसेना लगातार ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला कर रही है। इजरायली सेना के प्रवक्ता अविचाय अदरई के मुताबिक, इजरायली विमानों ने ईरान के रडार सिस्टम और मिसाइल लॉन्चर को निशाना बनाया है। उन लोगों को भी टारगेट किया गया जो इन डिफेंस सिस्टम को चला रहे थे। इजरायल ने यह भी दावा किया कि उसने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर हमला किया है। ईरान में अब तक 742 लोगों की मौत हो गई है और 750 से ज्यादा घायल हैं।

इसी तनाव के बीच लंदन जाने वाले भारतीयों के लिए हवाई किराए में भारी उछाल देखने को मिला। दिल्ली से लंदन की फ्लाइट काफी महंगी हो गई है। 6 मार्च को दिल्ली से लंदन के लिए एकमात्र नॉन स्टॉप उड़ान ‘वर्जिन अटलांटिक’ (VS303) उपलब्ध है, जिसका एक तरफ का किराया 9.12 लाख रुपये से अधिक पहुंच गया है। अगर आप सस्ता विकल्प जो करीब 44,000 रुपये का है चुनते हैं, तो आपको दुबई होकर जाना होगा, जिसमें 25 घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है। ऐसे ही मुंबई से लंदन की सीधी उड़ानें बुकिंग प्लेटफॉर्म्स से गायब हैं। एमिरेट्स जैसी एयरलाइंस दुबई के रास्ते 26 से 30 घंटे में लंदन पहुंचा रही है।
इसी बीच श्रीनगर दूसरे दिन भी बंद है। आयतुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। एक दिन पहले पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया था, आंसू गैस के गोले भी छोड़ थे। पूरे शहर में भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई है। लाल चौक पर कटीले तारों की बैरिकेडिंग की गई है। श्रीनगर के बेमिना इलाके में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा में लोगों ने बाजार बंद रखा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बड़ा पोस्ट करते हुए कहा है कि अमेरिकी हथियार और गोला-बारूद का स्टॉक मीडियम और अपर मीडियम ग्रेड में कभी इतना ऊंचा और बेहतर नहीं रहा। उन्होंने दावा किया कि इन हथियारों की सप्लाई ‘वर्चुअली अनलिमिटेड’ है और इनसे जंग ‘फॉरएवर’ लड़ सकते हैं, वो भी बहुत सफलता से। ट्रंप ने लिखा कि ये हथियार दूसरे देशों के बेस्ट आर्म्स से भी बेहतर हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि हाई-एंड (सबसे एडवांस्ड) हथियारों का स्टॉक अच्छा है, लेकिन अभी जहां चाहते हैं वहां नहीं पहुंचे। लेकिन बहुत सारे हाई-ग्रेड वेपन्स आउटलाइंग कंट्रीज (बाहर के देशों) में स्टोर हैं। ट्रंप ने कहा कि उनकी पहली टर्म में उन्होंने मिलिट्री को रीबिल्ड किया और अब भी कर रहे हैं। ‘अमेरिका स्टॉक्ड है और बिग विन के लिए तैयार है।’












