Friday, October 30, 2026
Home Hoshiarpur बजट में महिलाओं को 1000 प्रतिमाह देने की गारंटी पूरी, हर वर्ग...

बजट में महिलाओं को 1000 प्रतिमाह देने की गारंटी पूरी, हर वर्ग के विकास पर फोकस: जिम्पा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पेश किया गया वर्ष 2026-27 का बजट जनकल्याण और समग्र विकास को समर्पित बजट है। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए बजट में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी को लागू किया है, जबकि एससी  वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे।

Advertisements

जिम्पा ने कहा कि आम परिवारों की महिलाओं के लिए यह आर्थिक सहायता घर के खर्च में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। यह योजना महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 13 अप्रैल बैसाखी के दिन से शुरू किए जाएंगे और यह देश की पहली ऐसी योजना होगी, जिसमें लाभ लेने के लिए किसी प्रकार की शर्त नहीं रखी गई है।

विधायक जिम्पा ने बताया कि बजट में कृषि और खेतीबाड़ी क्षेत्र को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। वर्ष 2026-27 के लिए कृषि क्षेत्र के बजट में 6 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए 15,377 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों के लिए बजट में बड़ा प्रावधान किया है। इस बार इन निकायों के लिए फंड चार गुना बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपए कर दिया गया है, जिससे शहरों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

जिम्पा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक लाख और घरों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए बजट में 800 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है, जिससे गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ‘रंगला पंजाब’ विकास योजना के विस्तार के लिए भी सरकार ने विशेष प्रावधान किया है। इस योजना के लिए बजट में पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी राशि यानी 1170 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है, जिससे राज्य में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

विधायक जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार का यह बजट राज्य के हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here