
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कहते हैं अगर मन में अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा हो तो उसकी अराधना और वंदना से आपको कोई नहीं रोक सकता तथा अगर उसके धाम पर जाकर उसके दर्शन करने का मन हो तो कोई बाधा नहीं आ सकती। कुछ ऐसी ही श्रद्धा लेकर जम्मू-कश्मीर के कठुआ से पैदल दण्डवत करते हुए श्री केदारनाथ (उत्तराखण्ड) की यात्रा को निकाले हैं आकाश सिंह। जिनका होशियारपुर पहुंचने पर युवा वाहिनी समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माता चिंतपूर्णी चौक पर स्वागत करते हुए सम्मान किया।

इस मौके पर आकाश ने बताया कि वह 8 दिन पहले कठुआ से चला था तथा वह 11 कदम चलने के बाद दण्डवत करता है तथा उसके मन में था कि वह अपने प्रभु भगवान शिव के दर्शनों को इस प्रकार जाना चाहता है तथा उनकी कृपा से उसे हिम्मत हुई और वह घर से निकल पड़ा। इस मौके पर प्रधान अश्वनी शर्मा छोटा ने आकाश का छोटी काशी संत नगरी होशियारपुर में स्वागत करते हुए उसे यहां की जानकारी दी और बताया कि जिस धरा से वह गुजर रहा है उस पर संत महात्माओं की असीम कृपा है तथा उन्हें खुशी है कि एक श्रद्धावान के दर्शन करने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर दीपक पुरी, प्रमोद शर्मा, अमित गुप्ता, विकास शर्मा, लाडी दिवाना, बलजीत जीतू, मनीष सूद, सुभाष चंद्र आदि ने भी आकाश को यात्रा के लिए शुभकामनाएं भेंट की।












