
हरियाणा(द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के गुरुग्राम से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां सेक्टर-9 के इलाके में घर पर खेलते समय एक छोटी सी हुई लापरवाही के कारण 13-वर्षीय मासूम की मौत हो गई. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि रानी कुमार नामक यह लड़की रविवार को अपनी बहनों के साथ खेल रही थी. खेलते समय उसने कथित तौर पर घर की दीवार पर लगी ग्रिल से अपनी मां की साड़ी को लटकाकर झूला बनाया था.

झूले पर घूमते समय अचानक साड़ी उसके गले में कसती गई, जिससे उसका दम घुटने लगा और उसकी मौत हो गई. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि जब रानी की हालत बिगड़ी तो परिवार वाले उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डोक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रानी के पिता सुरेश सिंह कई वर्षों से देवीलाल कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे हैं. वह दर्जी का काम करते हैं और उनकी तीन बेटियां हैं. वह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं.












