Thursday, October 29, 2026
Home Punjab आगामी नगर पालिका व नगर कौंसिल चुनाव में समझदारी से करें उम्मीदवार...

आगामी नगर पालिका व नगर कौंसिल चुनाव में समझदारी से करें उम्मीदवार का चयन: राजन रल्हन

जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब में आगामी नगर पालिका व नगर कौंसिल चुनावों को लेकर सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान तेज होने लगा है। समाजसेवी राजन रल्हन, डी.आर. रल्हन, धीरज धीर, राकेश रिशी एवं दीपगगन सिंह गिल ने समाजसेवी व पत्रकार संजीव कुमार से बातचीत करते हुए अपने विचार प्रकट किए और लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समझदारी के साथ करें। इन सभी समाजसेवियों ने कहा कि लोकतंत्र में वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि जनता की सबसे बड़ी ताकत है। एक सही उम्मीदवार का चयन ही किसी वार्ड, शहर और राज्य के विकास की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मतदाताओं को किसी भी प्रकार के लालच, दबाव, जात-पात या पक्षपात से ऊपर उठकर ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहिए जो वास्तव में अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझता हो और उनके समाधान के लिए कार्य करने की क्षमता रखता हो। समाजसेवी राजन रल्हन ने कहा कि नगर पालिका और नगर कौंसिल के चुनाव सीधे तौर पर आम जनता के दैनिक जीवन से जुड़े होते हैं। साफ-सफाई, सड़कें, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास स्थानीय प्रतिनिधियों की कार्यशैली पर निर्भर करता है। इसलिए लोगों को ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहिए जो ईमानदार, कर्मठ और जनता के बीच रहने वाला हो।

Advertisements

डी.आर. रल्हन ने कहा कि यदि वार्ड का विकास सही दिशा में होगा तो पूरा शहर प्रगति करेगा और शहरों के विकास से ही राज्य मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उम्मीदवार के पिछले कार्यों, समाज सेवा और व्यवहार को ध्यान में रखते हुए ही मतदान करना चाहिए। धीरज धीर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि युवा वर्ग भी राजनीति में जागरूकता दिखाए और मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग ले। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान होता है। राकेश रिशी ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बल्कि समाज के भविष्य का निर्णय भी होते हैं। इसलिए लोगों को ऐसे उम्मीदवारों को आगे लाना चाहिए जो विकास को प्राथमिकता दें और जनता की आवाज बनकर कार्य करें। दीपगगन सिंह गिल ने कहा कि कई बार लोग छोटी-छोटी बातों या निजी स्वार्थ के कारण मतदान करते हैं, जिसका नुकसान पूरे क्षेत्र को भुगतना पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए योग्य और साफ छवि वाले उम्मीदवारों का समर्थन करें।

सभी समाजसेवियों ने संयुक्त रूप से समाजसेवी व पत्रकार संजीव कुमार से बातचीत करते हुए कहा कि लोकतंत्र की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मतदान है। यदि जनता शुरुआत में ही सही निर्णय लेगी तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र का विकास स्वतः सुनिश्चित होगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए अवश्य करें तथा दूसरों को भी जागरूक बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here