Monday, November 2, 2026
Home Education शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल जल्द खुलेंगे, शिक्षा विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल जल्द खुलेंगे, शिक्षा विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग (सेकेंडरी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। विभाग द्वारा समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों, स्कूल प्रमुखों और प्रिंसिपलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते योग्य विद्यार्थियों के दस्तावेज पूरे करवा लें ताकि कोई भी छात्र लाभ से वंचित न रहे।

Advertisements

जानें कब से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

जारी पत्र के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं, जैसे प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप फॉर एस.सी. और प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप फॉर ओ.बी.सी. के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) मई के आखिरी सप्ताह में खोल दिया जाएगा। वहीं, राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ई-पंजाब पोर्टल अगस्त के पहले सप्ताह तक लाइव कर दिया जाएगा।

आवेदन के लिए ये दस्तावेज हैं बेहद जरूरी

विभाग ने स्पष्ट किया है कि दाखिले के समय ही योग्य विद्यार्थियों की पहचान कर ली जाए। छात्रों को निम्नलिखित दस्तावेज तुरंत तैयार रखने की सलाह दी गई है:

· आय प्रमाण पत्र

· जाति प्रमाण पत्र

· मूल निवासी प्रमाण पत्र

· आधार कार्ड नंबर

महत्वपूर्ण नोट: विद्यार्थियों के बैंक खाते चालू होने अनिवार्य हैं। साथ ही, बैंक खाता आधार नंबर से सीडेड (Link) होना चाहिए। जिन बैंकों का आपस में विलय हुआ है, उनके नए IFSC कोड को अपडेट करना भी जरूरी है।

समस्याओं के समाधान के लिए बने अधिकारी

छात्रवृत्ति आवेदन के दौरान आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए स्कूल स्तर पर स्कूल प्रमुख को ‘इंसटीच्यूट नोडल अफसर’ और जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी को ‘जिला सेंक्शनिंग अथॉरिटी’ नियुक्त किया गया है। यदि स्कूल या जिला स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होता है, तो स्पष्ट कारणों के साथ मुख्य दफ्तर को [email protected] पर ईमेल भेजा जा सकता है।

शिक्षा विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर योग्य विद्यार्थियों के आवेदन सुनिश्चित नहीं किए गए, तो संबंधित स्कूल प्रमुख की निजी जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ उच्च अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here