
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लायंस क्लब मेन द्वारा क्लब प्रधान लॉयन मुनीश सूद की अध्यक्षता में समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित “कम्बो प्रोजेक्ट – पार्ट 1” का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने होशियारपुर स्थित ओल्ड एज होम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।क्लब सचिव लॉयन बर्जिन्दरजीत सिंह ने बताया कि क्लब की ओर से ओल्ड एज होम में विभिन्न प्रकार के पौधे गमलों सहित भेंट किए गए और उन्हें परिसर में रोपित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण और समाज सेवा लायंस क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा। क्लब के कोषाध्यक्ष लॉयन जगदीश बंसल ने कहा कि लायंस क्लब मेन का मूल उद्देश्य “मानव सेवा” है। इसी भावना के साथ क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा प्रकल्प लगातार संचालित करता रहेगा।

इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ लायन लीडर लॉयन लेखराज शर्मा ने अपना जन्मदिन ओल्ड एज होम के बुजुर्गों के बीच मनाकर समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने बुजुर्गों को फल एवं अन्य खाद्य सामग्री भेंट की और उनके साथ समय बिताकर जन्मदिन को सेवा एवं सम्मान का स्वरूप दिया। क्लब सदस्यों ने भी उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।क्लब प्रधान लॉयन मुनीश सूद ने कहा कि सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम को “कम्बो प्रोजेक्ट – पार्ट 1” नाम दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि “कम्बो प्रोजेक्ट – पार्ट 2” का आयोजन अगले रविवार को और भी अधिक उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में क्लब सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, मानव सेवा एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लायन दविंदर पाल अरोड़ा पीडीजी, लायन अश्वनी कत्याल पीआरओ ,लायन उमेश शर्मा ज़ोन चेयरमैन, लायन भारतभूषण तुली, लायन विनोद पसान, लायन दीपक महदीरता, लायन अतुल मोहिंद्रा, लायन संजीव कुमार शामिल रहे।












