
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पीसीए द्वारा करवाए जा रहे अंडर-19 अंतर जिला महिला क्रिकेट टूर्नामैंट में होशियारपुर की टीम ने कप्तान सुरभि के शानदार ऑल राउंड प्रदर्शन तथा ध्रुविका सेठ की शानदार गेंदबाजी की बदौलत कपूरथला टीम को 6 विकेट से हराकर 4 अंक अर्जित किए। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि 50-50 ओवर के इस मैच में होशियारपुर की टीम ने टॉस जीतकर कपूरथला को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया तथा होशियारपुर की शानदार गेंदबाजी के आगे कपूरथला की टीम 34.5 ओवर में केवल 79 रन ही बना पाई। जिसमें सुखमनलीन कौर ने 30 व जसमीत संधू ने नाबाद 14 रन बनाए। होशियारपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए कप्तान सुरभि ने 10 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट, ध्रुविका सेठ ने 10 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट व अरुशि ठाकुर ने 12 रन देकर कपूरथला के 2 खिलाड़ियों को आउट किया। 50 ओवर में जीत के लिए 80 रन का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी होशियारपुर की टीम ने 24.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाकर यह मैच 6 विकेट से जीत लिया।

होशियारपुर की ओर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सुरभि ने नाबाद 25, भूमिका शर्मा ने नाबाद 15 व आस्था शर्मा ने 10 रन का योगदान दिया। इस तरह होशियारपुर ने इस जीत के साथ 4 अंक प्राप्त कर लिए। होशियारपुर टीम की इस जीत पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला, संयुक्त सचिव विवेक साहनी, ठाकुर जोगराज, चेयरमैन टूर्नामैंट कमेटी डा. पंकज शिव, जतिंदर सूद, सुभाष शर्मा के अलावा समूह एचडीसीए पदाधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए अगले मैचों के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर टीम की कोच दविंदर कौर कल्याण, सहायक कोच निकिता कुमारी, जिला कोच दलजीत सिंह, टीम ट्रेनर कुलदीप धामी, सहायक कोच अशोक शर्मा, प्रवीन कपूर, पंकज पिंका, दिनेश शर्मा आदि ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए टीम को अगले मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डा. घई ने बताया कि होशियारपुर का अगला मुकाबला 25 जुलाई को रोपड़ के साथ खेला जाएगा।












