Sunday, October 4, 2026
Home Hoshiarpur बरनाला में महिला सफाई कर्मियों पर पुलिस का लाठीचार्ज निंदनीयः यूनियन

बरनाला में महिला सफाई कर्मियों पर पुलिस का लाठीचार्ज निंदनीयः यूनियन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बरनाला में अपने हकों के लिए संघर्ष कर रही महिला सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बर पिटाई की ‘पंजाब पेंशनर्स वेलफेयर यूनियन, जिला होशियारपुर’ ने कड़े शब्दों में निंदा की है। यूनियन ने प्रशासन के इस रवैये को अत्यंत दुखद और तानाशाही करार देते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisements

यूनियन की ओर से एक संयुक्त बयान जारी करते हुए जिला प्रधान नरिंदर सिंह गोली, सचिव बृज मोहन सोनी, संरक्षक बहादुर सिंह, सीनियर मीत प्रधान हरभजन सिंह अजनोहा, जिला जनरल सचिव बलबीर सिंह, तथा रोडवेज और फैमिली पेंशनर्स के जिला प्रधान भूपिंदर सिंह व मीडिया सचिव नीरज धीमान ने दमनकारी नीतियों पर गहरा रोष व्यक्त किया।

बरनाला की घटना के साथ-साथ यूनियन नेताओं ने दिल्ली में नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी सख्त निंदा की। नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर से संसद भवन तक शांतिपूर्ण रोष मार्च निकाल रहे विद्यार्थियों पर दिल्ली पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़ना, अंधाधुंध लाठीचार्ज करना और उन्हें गिरफ्तार करना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। देश के युवाओं को अपने सुरक्षित भविष्य और पारदर्शी शिक्षा प्रणाली के लिए आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार है।

इसके अतिरिक्त, पंजाब में मनरेगा मजदूरों पर हुए लाठीचार्ज का भी कड़ा संज्ञान लिया गया। नेताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार बातचीत से समाधान निकालने के बजाय तानाशाही हथकंडों से असहमति की आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है, चाहे वह दिल्ली के निर्दोष छात्र हों या बरनाला की सफाई कर्मचारी महिलाएं। यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार और प्रशासन को अपनी जनविरोधी नीतियां बंद करने को कहा और बरनाला में महिला सफाई कर्मचारियों पर हमला करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here