Sunday, November 1, 2026
Home Hoshiarpur एबीवीपी ने वार मेमोरियल पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

एबीवीपी ने वार मेमोरियल पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) होशियारपुर द्वारा वार मेमोरियल, होशियारपुर में कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

Advertisements

इस अवसर पर एबीवीपी पंजाब के प्रांत सह मंत्री अंकित कुंद्रा, नगर अध्यक्ष अरविंद शर्मा, नगर सह मंत्री ऋतिश शर्मा, नगर एसएफएस संयोजक गोपाल सहित बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत सह मंत्री अंकित कुंद्रा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी भारतीय सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से दुश्मनों को परास्त कर देश की एकता और अखंडता की रक्षा की। कारगिल के वीरों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात करते हुए देश सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here