Monday, October 5, 2026
Home Hoshiarpur रोटरी क्लब मिड टाउन का सेवा क्षेत्र में नया कीर्तिमान, 1276 कॉर्नियल...

रोटरी क्लब मिड टाउन का सेवा क्षेत्र में नया कीर्तिमान, 1276 कॉर्नियल ब्लाइंड मरीजों को मिली रोशनी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मानव सेवा और नेत्रदान जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे रोटरी क्लब होशियारपुर मिड टाउन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। क्लब के प्रयासों से अब तक 1276 कॉर्नियल ब्लाइंड मरीजों के सफल एवं निःशुल्क कॉर्निया ट्रांसप्लांट कर उन्हें नई रोशनी प्रदान की जा चुकी है। इस उपलब्धि को लेकर क्लब सदस्यों में उत्साह है और इसे समाज सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

Advertisements

क्लब द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान इस प्रोजेक्ट से जुड़े डॉक्टरों, सहयोगियों और रोटेरियंस के योगदान को सराहा गया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की सफलता में मोहाली के डॉ. रोहित गुप्ता, जालंधर के डॉ. अमनदीप सिंह अरोड़ा तथा अमृतसर के डॉ. शकीन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाओं के माध्यम से सैकड़ों दृष्टिहीन मरीजों को फिर से दुनिया देखने का अवसर प्रदान किया है। कार्यक्रम में बताया गया कि इस प्रोजेक्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सहयोग प्राप्त हुआ है। रोटरी क्लब प्लानो मेट्रो, टेक्सास (यूएसए) ने आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग देकर इस अभियान को मजबूती प्रदान की। क्लब ने इस सहयोग के लिए इंटरनेशनल चेयर रोटेरियन संजीव खन्ना का विशेष धन्यवाद किया, जिनके प्रयासों से भारत और अमेरिका के रोटरी क्लब इस मानवता भरे मिशन से जुड़े।

इस अवसर पर डॉ. अमनदीप सिंह अरोड़ा द्वारा ऑपरेट किए गए तीन कॉर्नियल ब्लाइंड मरीजों की आंखों से पट्टी खोलने का भावुक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रोहित ओबरॉय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने मरीजों की आंखों से पट्टी खोलकर उन्हें नई रोशनी का अनुभव कराया। जैसे ही मरीजों की आंखों से पट्टी हटाई गई और उन्होंने वर्षों बाद अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को देखा, वहां उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे हॉल में तालियों की गूंज के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। मरीजों और उनके परिवारों ने रोटरी क्लब तथा डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन मनोज ओहरी ने कहा कि एक व्यक्ति को दृष्टि मिलना केवल एक व्यक्ति का जीवन नहीं बदलता, बल्कि पूरे परिवार के जीवन में खुशियां लेकर आता है। उन्होंने कहा कि 1276 कॉर्निया ट्रांसप्लांट का आंकड़ा क्लब के लिए गर्व की बात है, लेकिन उनका लक्ष्य आने वाले समय में 2000 से अधिक मरीजों तक यह सेवा पहुंचाने का है। इसके लिए क्लब लगातार नेत्रदान जागरूकता अभियान चला रहा है।

मुख्य अतिथि रोटेरियन रोहित ओबरॉय ने क्लब की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा प्रोजेक्ट समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने लोगों से मृत्यु उपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि एक नेत्रदाता कई लोगों के जीवन में उजाला ला सकता है। कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने नेत्रदाताओं और उनके परिवारों का विशेष सम्मान किया तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अंत में सभी ने नेत्रदान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मनोज ओहरी, परवीन पब्बी, सतीश गुप्ता, परवीन पलियाल तथा सपना ठाकुर सहित रोटरी क्लब मिड टाउन के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा और नेत्रदान के संदेश के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here