
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। लंगर का नाम सुनते ही आमतौर पर जेहन में सब्जी, पूड़ी या दाल-रोटी की तस्वीर आती है, लेकिन चंडीगढ़ में एक अनोखा लंगर चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पूड़ी-सब्जी की जगह बर्गर, कोल्ड ड्रिंक और 500-500 रुपये के नोट बांटे गए। आयोजकों ने इसे ‘मनी लंगर’ नाम दिया।

यह आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्थित सनातन धर्म मंदिर के बाहर किया गया। ‘द किंग ऑफ अमृतसर’ के नाम से पहचाने जाने वाले राजा डी किंग ने लोगों को 500-500 रुपये के नोट के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक वितरित की। आयोजन की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
मनी लंगर में जरूरतमंदों और मौके पर पहुंचे लोगों को 500 रुपये के नोट दिए गए। इसके साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी बांटी गई। इसका तरीका पारंपरिक लंगर से बिल्कुल अलग था।
आयोजन का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति के हाथ में 500 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाई देती है। वह लंगर में पहुंच रहे लोगों को गड्डी में से 500 रुपये का एक-एक नोट देता नजर आ रहा है।
मनी लंगर लगाने वाले राजा डी किंग को अमृतसर का रहने वाला बताया जाता है। उनका वास्तविक नाम राकेश कुमार त्रेहन बताया गया है। वह अमृतसर के ब्यूटी एवेन्यू क्षेत्र में रहते हैं और सोशल मीडिया पर ‘द किंग ऑफ अमृतसर’ के नाम से चर्चित हैं।
चंडीगढ़ में आयोजित मनी लंगर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों की भीड़ और 500 रुपये के नोट बांटे जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। आयोजन का अलग अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।












