
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा संचालित एस.ए.वी. जैन डे बोर्डिंग स्कूल में जैन शिक्षण निधि के प्रधान जीवन जैन की अध्यक्षता में 12 अगस्त 2026 को अंतरराष्ट्रीय हाथी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन स्कूल में कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं। स्कूल के छात्रों ने हाथियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए स्कूल परिसर में रैली निकाली। कक्षा 6वीं से 10वीं तक के छात्रों को हाथियों के जीवन और उनके संरक्षण से संबंधित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इससे छात्रों को हाथियों के महत्व के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिली।

प्रधान जीवन जैन ने अपने भेजे गए संदेश में कहा कि हाथी हमारे देश का राष्ट्रीय धरोहर पशु है। इसे “जंगल का इंजीनियर” कहा जाता है। हाथी पेड़ लगाते हैं, जंगल को हरा-भरा रखते हैं और पानी के नए रास्ते बनाते हैं। लेकिन आज हाथी बहुत खतरे में हैं। जंगल कटने, शिकार और रेल दुर्घटनाओं के कारण इनकी संख्या कम हो रही है। इसलिए आज का दिन हमें याद दिलाता है कि हमें हाथियों की रक्षा करनी है। आइए हम सब मिलकर प्रण लें कि हम पेड़ लगाएंगे, कचरा नहीं फैलाएंगे और वन्यजीवों से प्रेम करेंगे। क्योंकि अगर हाथी बचेगा, तभी जंगल बचेगा।
सेक्रेटरी माणिक जैन ने कहा कि हाथी केवल एक जानवर नहीं है। हमारे धर्म में भगवान गणेश हाथी के रूप में पूजे जाते हैं। इतिहास में राजा-महाराजा हाथी पर सवारी करते थे। और प्रकृति के लिए हाथी सबसे जरूरी हैं। कैशियर साहिल जैन ने कहा कि हाथी हमारे देश की शान है और जंगल का सबसे बुद्धिमान जानवर है। इसे “जंगल का इंजीनियर” भी कहा जाता है। हाथी पेड़ लगाते हैं, पानी के रास्ते बनाते हैं और पूरे जंगल को बचाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर डीन सुनीता दुग्गल और प्रिंसिपल मनु वालिया के नेतृत्व में समस्त स्टाफ एवं छात्रों ने वन्यजीवों की रक्षा और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ ली।











