
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। वन विभाग की टीम ने टांडा रोड पर सगांव सटियाणा में स्थित एक कथित अवैध कत्था फैक्ट्री में दबिश दी थी, उस दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी एवं तैयार माल (कत्था) पकड़ा गया था, जिस पर कार्यवाही करते हुए विभाग की टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया था। कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए डीएफओ धर्मवीर धेरु ने टीम सहित फैक्ट्री का दौरा किया और मौके पर पड़े माल की नबरिंग करने व ब्यौरा तैयार करने की हिदायत की है।

उनका कहना है कि वनों को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस संबंधी कार्यवाही के लिए पुलिस को लिखा गया है। एक सवाल के जवाब में विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगर कार्यवाही को लेकर स्थानिय पुलिस का रवैया ढीलमुल वाला रहता है तो कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा तथा विभागीय स्तर पर भी जांच एवं कार्यवाही तेज कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार होशियारपुर व आसपास के जंगलों में खैरों की चोरी हो रही थी, जिस पर कार्यवाही करते हुए विभाग की टीम ने समय-समय पर गाड़ियां भी पकड़ी थीं और पिछले लंबे समय से इसकी जांच जारी थी।
अधिकारियों के अनुसार खैर चोरी एवं बिना आज्ञा फैक्ट्री चलाने संबंधी विभागीय कार्यवाही को अंजाम दिया जा रहा है तथा अधिकारियों को हिदायत दे दी गई है कि फैक्ट्री में पड़े माल की नंबरिंग की जाए और सारे सामान का ब्यौरा तैयार किया जाए ताकि अगली कार्यवाही को अमल में लाया जा सके। अधिकारियों ने खैरों की चोरी करने वालों और चोरी का माल खरीदने वालों को सख्त हिदायत एवं चेतावनी देते हुए कहा कि विभाग द्वारा ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।












