
चक्कोवाल (द स्टैलर न्यूज़)। सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी पी.एच.सी. चक्कोवाल डॉ. मनप्रीत कौर के नेतृत्व में डेंगू सर्वेक्षण करवाया जा रहा है, जिसके तहत स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच कर रहे हैं। इसी कड़ी के तहत एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर ने स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बागपुर में मच्छरों के लार्वा की जांच की। इस अवसर पर जानकारी देते हुए एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर लार्वा की जांच की तथा जहां भी लार्वा पाया गया, उसे मौके पर ही नष्ट किया गया।
डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ खड़े पानी में पैदा होता है। इसलिए घरों के अंदर तथा आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। इसके अलावा कूलरों, पक्षियों के लिए रखे पानी वाले बर्तनों, फ्रिज के पीछे लगी ट्रे, पुराने टायरों, टूटे-फूटे बर्तनों आदि में जमा पानी को हर सप्ताह निकालकर साफ करना चाहिए। उन्होंने बताया कि 2 स्थानों पर मिले लार्वा को नष्ट किया गया।

उन्होंने कहा कि बारिश के बाद मच्छरों की संख्या बढ़ने के साथ डेंगू का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए बारिश का पानी जमा न होने दिया जाए तथा गड्ढों को मिट्टी से भर दिया जाए। तालाबों में काला तेल डालकर लार्वा को पनपने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार होता है तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा ले। सरकारी अस्पतालों में डेंगू और मलेरिया की जांच तथा उपचार नि:शुल्क किया जाता है।
इस अवसर पर हरदीप सिंह बी.ई.ई., डॉ. शिवम अंगरीश, डॉ. दीप्ति कंवर, कमलजीत कौर, कमलेश देवी, हरप्रीत कौर, बलजीत सिंह तथा शमशेर सिंह उपस्थित थे।












