
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा संचालित एस ए वी जैन डे बोर्डिंग स्कूल में स्कूल प्रधान जीवन जैन के निर्देशानुसार और स्कूल डीन सुनीता दुग्गल, प्रिंसिपल मनु वालिया की अध्यक्षता में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती पर स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा करवाई गई जिसमें शहीद-ए-आजम को स्मरण किया गया| इस अवसर पर मैडम आरज़ू ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगत सिंह उत्कृष्ट क्रांतिकारी थे। उनका जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ था जो पूरी तरह से भारतीय स्वतंत्रता के संघर्ष में शामिल थे। देश के प्रति निष्ठा और इसे अंग्रेजों से मुक्त करने की इच्छा भगत सिंह में जन्मजात से ही थी।

स्कूल प्रिंसिपल मनु वालिया ने प्रधान जीवन जैन के संदेश को पढ़कर बताया कि शायद ही ऐसा कोई भारतीय होगा जो शहीद-ए-आजम भगत सिंह को ना जानता हो। ब्रिटिशों से भारत की आजादी के लिए उनके द्वारा किए गए बलिदान को दुनिया जानती है| उन्होंने कई युवाओं व नेताओं को देश की आजादी में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। सेक्रेटरी मानिक जैन ने कहा कि यह सत्य है कि देश की स्थिति ने एक होनहार बालक की मनोदशा को इस प्रकार बदल दिया कि अपने कार्यों से इनका नाम भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा गया। भगत सिंह ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों में देश भक्ति की भावना जगाने के लिए कई प्रेरक नारे दिए जिसमें इंकलाब जिंदाबाद और सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाजुए कातिल में है सब लोकप्रिय नारे हैं।
कैशियर साहिल जैन ने कहा कि भगत सिंह जी कहा करते थे कि मेरे जीवन का केवल एक ही लक्ष्य है और वो देश की आज़ादी,इसके इलावा कोई और लक्ष्य मुझे लुभा नहीं सकता। इस अवसर पर स्कूल में शहीद भगत सिंह के चित्र पर स्कूल डीन सुनीता दुग्गल, प्रिंसिपल मनु वालिया, सुषमा बाली, एच ओ डीज ने फूल माला चढ़ा कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये |












