
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री आत्मानंद जैन सभा द्वारा संचालित एस ए वी जैन डे बोर्डिंग स्कूल में जैन शिक्षण निधि के प्रधान जीवन कुमार जैन की अध्यक्षता में स्कूल में महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा जी का शहीदी दिवस बड़ी श्रद्धा और देशभक्ति भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीद को नमन किया।

इस मौके पर अध्यापकों ने विद्यार्थियों को शहीद सराभा जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मात्र 19 वर्ष की आयु में उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। वे गदर पार्टी के प्रमुख सदस्य थे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी के प्रेरणा स्रोत थे। प्रधान जीवन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि करतार सिंह सराभा जैसे शहीद पंजाब ही नहीं, पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके दिखाए मार्ग – साहस, ईमानदारी और देश प्रेम पर चलने के लिए प्रेरित किया। शहीद करतार सिंह सराभा जी के चित्र पर अध्यापकों और विद्यार्थियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।












