
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ में कालका के गांव धमाला में तालाब में डूबने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जान गंवाने वाला पारस गांव वासुदेवपुरा का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। उसके मामा ने बताया कि पारस सुबह घर से स्कूल गया था। दोपहर करीब 3 बजे तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। साथ जाने वाले बच्चों से पूछताछ में पता चला कि पारस स्कूल जाने के बजाय सुबह करीब 10-11 बजे 5 दोस्तों के साथ गांव धमाला के तालाब में नहाने गया था।

इसी दौरान वह डूब गया। पारस के पिता अनोखे मजदूरी करते हैं। परिवार में एक भाई और 2 बहने हैं। पारस सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पिंजौर थाना प्रभारी राजेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और एनडीआरएफ को सूचना दी। कमांडर इंस्पेक्टर आसिद कुमार के नेतृत्व में टीम ने तलाश और बचाव अभियान चलाया। पारस का शव हित चैरिटेबल ट्रस्ट की एंबुलेंस से कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस मामले की कार्रवाई कर रही है।












