Monday, October 19, 2026
Home Crime हैप्पी से सभी अनहैप्पी: पुलिस के नाम पर मारी ठगी, थाना सदर...

हैप्पी से सभी अनहैप्पी: पुलिस के नाम पर मारी ठगी, थाना सदर में मामला दर्ज

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: समीर सैनी। थाना सदर पुलिस होशियारपुर ने पुलिस के नाम पर ठगी मारने के आरोप में पहले भाजपा एवं वर्तमान में कांग्रेसी नेता अशोक सूद हैप्पी (हैप्पी सूद) पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। जानकारी अनुसार हैप्पी सूद ने एक मामले में समझौता करवाते हुए पुलिस के नाम पर ढाई लाख रुपये हड़प कर लिए और मामला खुलने पर जहां पुलिस अधिकारियों की आंखें लाल हो गईं वहीं उसके राजनीतिक आका भी पूरी तरह से अनहैप्पी हो गए। इसके चलते हैप्पी द्वारा शहर भर में लगाई गईं राजनेताओं के साथ बड़ी-बड़ी फ्लैक्स को मामला उजागर होने के तुरंत बाद उतारवा दिया गया। जब यह पूरा मामला एस.एस.पी. के ध्यान में आया तो उन्होंने खुद इसकी जांच की और मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए। हालांकि बुधवार दिन-भर चली कशमकश के बाद देर रात्रि थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया, मगर इसकी जरा सी भनक निकलते ही फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से हैप्पी से खफा लोगों ने भड़ास निकालनी शुरु कर दी थी और चर्चाओं का बाजाप पूरी तरह से गर्मा चुका था।

Advertisements

थाना सदर पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार इलैक्शन सैल के इंचार्ज सबइंस्पैक्टर गौरव धीर ने बताया कि उन्होंने पंजाब के अलग-अलग जिलों में विभिन्न पदों पर काम किया है तथा जब वे ई.ओ. विंग होशियारपुर में तैनात थे तो उस दौरान उनके पास एक मामला आया था। जिसमें सुरिंदर सिंह (ए.एस.आई.) पुत्र दर्शन सिंह निवासी मुख्लियाणा थाना मेहटियाणा, जिला होशियारपुर ने एक शिकायत पिरामिंड ई सर्विसज़ जालंधर के खिलाफ थी। इस संबंधी थाना सिटी में मामला दर्ज हुआ था। इस संबंधी 3 अगस्त 2018 को दोनों पक्षों में 7 लाख 90 हजार रुपये में समझौता हो गया था। श्री धीर ने बताया कि 21 अक्तूबर को होने वाले एक कार्यक्रम संबंधी वे एस.पी. (हैडक्वार्टर) कार्यालय में आए हुए थे तो इस दौरान ए.एस.आई. सुरिंदर सिंह तथा अशोक सूद हैप्पी आपस में बहस कर रहे थे। ए.एस.आई. सुरिंदर सिंह, हैप्पी को कह रहा था कि उसने 7 लाख 90 हजार रुपये वाले लिफाफे में से 2 लाख 50 हजार रुपये निकाल कर बेइमानी करके ठगी मारी है। इस पर हैप्पी उसे कह रहा था कि उसने पुलिस को कह कर थाना सिटी में मामला दर्ज करवाया था। उसकी सरकारी जान पहचान है, पुलिस प्रशासन एवं सिविल प्रशासन के अधिकारियों में उसका प्रभाव चलता है, क्योंकि उसकी कांग्रेस पार्टी की सरकार है। हैप्पी सूद यह भी कह रहा था कि वह कांग्रेसी नेता का पी.ए. है और उसके अपने बहुत खर्च होते हैं।

उसने जो ढाई लाख रुपये लिए थे वापस कर देगा। गौरव धीर ने बताया कि जब सुरिंदर सिंह ने अशोक सूद हैप्पी को कहा कि तुमने पुलिस अधिकारियों के नाम पर रुपयों की ठगी मारी है तो हैप्पी ने उसे ढाई लाख रुपये का चैक काटकर दे दिया। इससे यह सिद्ध होता है कि हैप्पी सूद भोले-भाले लोगों से रुपये लेकर सरकारी कार्यालयों में काम करवाता है तथा अधिकारियों के नाम पर ठगी मारता है। इस दौरान हैप्पी सूद ने सुरिंदर सिंह को धमकी भी दी कि वह उसे गोली मार देगा, क्योंकि सुरिंदर उसके खिलाफ अधिकारियों एवं अन्य प्रभावशाली लोगों के पास बोला है। इस बात के गवाह और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। इसलिए हैप्पी सूद पर बनती कार्रवाई की जाए। इस पर मामला एस.एस.पी. के ध्यानार्थ लाया गया तथा उन्होंने तुरंत बनती कार्रवाई के आदेश जारी किए। इसके बाद थाना सदर पुलिस ने मुकदमा नंबर 154, 18 अक्तूबर 2018, 406/420/506 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here