होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: गुरजीत सोनू। आज 16 जून को बाद दोपहर करीब 2:30 बजे एक व्यक्ति ने थाना माहिलपुर जिला होशियारपुर में दाखिल होकर अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक जमा करवाने की बात कही तो मुंशी अमरजीत सिंह उसकी बंदूक जमा करवाने लगा तो उसने अपनी बंदूक लोड करके मुंशी को गोली मार दी। इसी दौरान उसने दूसरी गोली वहां मौजूद थानेदार को मारी जो कि उसे छू कर निकल गई।
इसी मौके पर मुख्य द्वार पर खड़े सिपाही ने आरोपी को पीछे से आकर पकड़ा और काबू पाया। जानकारी के अनुसार वार्ड न. 11 निवासी पूर्व फौजी सुरिंदर सिंह पुत्र बक्शी राम ने थाने में दाखिल होकर गोलियां चलाई। इस मौके पर मुंशी अमरजीत सिंह की पत्नि अमरजीत कौर भी मौजूद थी। उसने बताया कि उनका एक लडक़ा भी है जो अभी पढ़ाई कर रहा है।
इस दौरान घायल मुंशी को सिविल अस्पताल माहिलपुर में दाखिल करवाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर रैफर कर दिया गया जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना का पता चलते ही एस.एस.पी जे.इलनचेलियन, डी.एस.पी गढ़शंकर सतीश कुमार माहिलपुर थाने पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आरोपी सुरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गहनता से जांच चल रही है।