
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सी.जे.एम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी सुचेता आशीष देव की ओर से केंद्रीय जेल होशियारपुर में बंद महिला कैदियों व हवालातियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बातचीत की गई व उसकी समस्याओं को सुना गया। इस मौके पर उनको उनके कानूनी हकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकारी कालेज होशियारपुर में नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में, मिडिएशन केसों के बारे में 10 अप्रैल को लगाई जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा रयात-बाहरा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट की महिला अध्यापकों से साथ महिला दिवस के मौके पर नि:शुल्क कानूनी सेवाएं, वन स्टाप सैंटर व अलग-अलग कानूनों के बारे में बताया गया। इस दौरान अध्यापिकाओं ने अपनी समस्याएं बताई व उनके सुझाव भी बताए गए।
सुचेता आशीष देव ने बताया कि आज होशियारपुर के पांच अलग-अलग स्कूलों की छात्राओं व अध्यापिकाओं को कानूनी सेवाएं व अलग-अलग कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर आंगनवाड़ी सैंटर मोहल्ला कमालपुर में नि:शुल्क कानूनी सेवाएं व महिलाओं के कानूनों के बारे में पैरा लीगल वालंटियरों की ओर से आंगनवाड़ी वर्करों को जागरुक करवाया गया। इसके अलावा अन्य पैरा लीगल वालंटियरों ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर महिलाओं के कानूनी हकों के बारे में जागरुक किया।










