
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। योग साधन आश्रम मॉडल टाउन में दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु आचार्य चंद्रमोहन अरोड़ा जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे | इस मौके पर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हुए आचार्य चंद्र मोहन अरोड़ा ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का महान पर्व है जो पूरे देश को दीपमाला करके जगमगाता है | हम सभी आशा करते हैं कि इसी तरह भगवान हमारे जीवन को रोशन कर दे | जिस प्रकार दीपक मे बाती और तेल होने से ही प्रकाश होता है | उसी तरह हमारा शरीर भी मिट्टी के दीपक की तरह है और इसमें हमारी आत्मा बाती की तरह है और तेल रूपी ज्ञान ही हमारे जीवन को रोशन करता है | लेकिन यह सारी प्रक्रिया गुरु महाराज के आशीर्वाद से ही प्राप्त होती है |

जिस प्रकार अंधेरे में कुछ नहीं दिखाई देता उसी प्रकार जिस व्यक्ति का गुरु नहीं होता उसे भी कुछ नहीं दिखाई देता | क्योंकि ज्ञान गुरु से प्राप्त होता है और वही प्रकाश करता है | जिससे अंधकार मिटता है | लेकिन इसके लिए जरूरी है कि हम गुरु के बताए हुए मार्ग पर चले | कई बार पुस्तकों से प्राप्त किया गया ज्ञान अहंकार पैदा कर देता है | लेकिन गुरु चरणों से जो ज्ञान मिलता है वह विनम्रता देता है | रावण को भी अपने ज्ञान का अहंकार हो गया था | वह धोखेबाज बन गया और माता सीता को धोखे से उठा लाया | वह मिथ्याचारी बन गया और झूठ बोलकर अपने को साधु बता कर माता सीता का हरण किया |
अहंकारी बन गया कि उसे कोई नहीं मार सकता | लेकिन यही सभी बातें उसके काल का कारण बनी | इसलिए हमें दीपावली के दिन संकल्प लेना चाहिए कि हम गुरु के बताए ज्ञान को धारण करते हुए योग की शिक्षाओं का पालन करते हुए अपने जीवन में आगे बढ़ेंगे | इस मौके पर अमिता रश्मि जी ने सजा दो घर को गुलशन सा अवध में राम आए हैं भजन गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया | हवन यज्ञ व आरती के साथ शुरू हुए दीपावली कार्यक्रम के अंत में दीपमाला की गई और प्रसाद वितरित किया गया |












