दसूहा (द स्टैलर न्यूज़), मनु रामपाल। हलका दसूहा के विधायक एडवोकेट कर्मवीर सिंह घुम्मण का नकली पीए बनकर लोगों को ठगने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस ने शिकायत मिलने उपरांत उसके खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरु कर दी थी। थाना दसूहा पुलिस ने आरोपी को काबू करके उसे माननीय अदालत में पेश किया। जहां से उसका 1 दिन का पुलिस रिमांड दिया गया।

इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना दसूहा प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें इस बाबत शिकायत मिली थी। जिसके तहत मामला नंबर 94, 27 मई 2023 को अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि 28 मई को सुबह 5 बजे आरोपी को नई दिल्ली के होटल लीला से एक कमरे काबू किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान भलिंदरपाल सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी हाउस नंबर 888, फेज़-7, मोहाली के रुप में हुई। कमरे में उसके साथ एक लड़की भी थी, जिसकी पहचान नताशा रानी पुत्री दीपक कुमार न्वासी बसती गुरु करम सिंह वाला, थाना गुरहरसहाये, जिला फरोजपुर के रुप में हुई। दोनों को वहां से गिरफ्तार करके दसूहा लाया गया।
दोनों ही मिलकर लोगों के साथ ठगियां मारते थे। इन्होंने पंजाब में और भी कई जगह पर लोगों के साथ ठगी मारी है तथा इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया। जहां से इनका 1 दिन का रिमांड हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ उपरांत और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
