
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी होशियारपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रवास के दौरान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एबीवीपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एडवोकेट हर्ष ठाकुर, होशियारपुर जिला टोली के सदस्य एडवोकेट पवन कुमार, पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र श्रेया वशिष्ठ, अंकित कुंद्रा व अक्षय विशेष रूप से उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रधानाचार्य अरुण पुंज ने सभी अतिथियों को श्रीफल प्रदान करके उनका स्वागत किया। इसके उपरांत एडवोकेट हर्ष ठाकुर ने विद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं में जिस प्रकार नशे की लत बढ़ रही है, वह हमारे समाज और देश के लिए एक भीषण समस्या बनी हुई है।

उन्होंने छात्रों को नशे से हमेशा दूर रहने के लिए प्रेरित किया। श्रेया वशिष्ठ ने सभी छात्रों को नशे से हमेशा दूर रहने व राष्ट्र निर्माण में अपनी सहभागिता हेतु शपथ दिलाई। इसके उपरांत विद्यालय के छात्रों की सदन अनुसार चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई। जिसमें एकलव्य सदन की छात्रा मन्नत ने प्रथम, वीर शिवाजी सदन के छात्र शुभ ने द्वितीय व एकलव्य सदन की छात्रा गौरी पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेता छात्रों को पुरस्कार प्रदान करके उन्हें प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य अरुण पुंज ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।












