
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विद्या भारती पंजाब के निर्देशानुसार सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी होशियारपुर में दिनांक 10 जुलाई से 25 जुलाई तक पर्यावरण पखवाड़े का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत पंजाब के सभी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सर्वहितकारी विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी होशियारपुर में पौधारोपण किया गया। इस उपलक्ष्य पर सर्वहितकारी विद्या मंदिर होशियारपुर की मातृ भारती की अध्यक्षा एवं प्रबंध समिति सदस्या श्रीमती कुसुम कालिया व इनरव्हील क्लब होशियारपुर की सदस्या साधिका शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुई।

इस अवसर पर उन्होंने आम, अमरूद, कचनार, संतरा, नाशपाती, कटहल,जामुन,नींबू, पलम आदि फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया। शिक्षा समिति द्वारा निर्देशित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत छात्रों ने भी अपने घरों से लाकर विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया व उन पौधों का संरक्षण व देखरेख करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरुण पुंज, विद्यालय के अध्यापक राकेश कुमार, कपिल चौधरी, सुमन लता, मोनिका मेहता व छात्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य अरुण पुंज ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे ही हमारे जीवन का आधार हैं। हम सभी का यह परम कर्तव्य है कि हमें अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी रक्षा करनी चाहिए।












