
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। कुपवाड़ा जिले के कमकारी सेक्टर में सेना ने पाकिस्तान की ‘बॉर्डर एक्शन टीम’ (बीएटी) के हमले को असफल कर दिया। इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक कैप्टन सहित चार अन्य सैन्यकर्मी भी घायल हो गए। सेना के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया भी मारा गया। सूत्रों ने बताया कि घंटों चली भीषण गोलीबारी के बीच दो घुसपैठिये पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भाग गए।

उन्होंने बताया कि तीन घुसपैठियों के समूह ने उत्तर कश्मीर जिले के त्रेहगाम सेक्टर में कुमकडी चौकी के पास अग्रिम चौकी पर ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पांच जवान घायल हो गए, जिनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।











