Tuesday, October 20, 2026
Home Hoshiarpur जिले के सभी ब्लाकों में नवजात लड़कियों के नाम पर होगा पौधारोपण:...

जिले के सभी ब्लाकों में नवजात लड़कियों के नाम पर होगा पौधारोपण: कोमल मित्तल

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल की अध्यक्षता में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि होशियारपुर जिले के 10 ब्लॉकों में नवजात लड़कियों के नाम पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नवजात लड़कियों के सम्मान को बढ़ावा देने का प्रतीक होगी। इसके अलावा जिले में लड़कियों और महिलाओं के लिए कई नई योजनाएं भी शुरू की जाएंगी। इनमें लड़कियों व महिलाओं को मुफ्त ड्राइविंग प्रशिक्षण और लड़कियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग कक्षाएं शामिल हैं। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लड़कियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। 

Advertisements

डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने यह भी बताया कि जिला रोजगार व कारोबार ब्यूरो की ओर से 27 अगस्त को आयोजित किए जा रहे मैगा रोजगार मेले में अधिक से अधिक लड़कियों और महिलाओं को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करें और सुनिश्चित करें कि इनका लाभ अधिक से अधिक लड़कियों और महिलाओं तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिले में लड़कियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम है, जो सामाजिक और आर्थिक रूप से सकारात्मक बदलाव लाएगा। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम अधिकारी हरदीप कौर, जिला विकास फेलो ज़ोया सिद्दीकी, सहायक सिविल सर्जन डा. कमलेश, सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं प्रीत कोहली, उप जिला शिक्षा अधिकारी धीरज वशिष्ठ, जिला रोजगार अधिकारी संजीव कुमार और बाल विकास प्रोजेक्ट अधिकारी के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here