Tuesday, October 20, 2026
Home Latest इजराइल ने गाजा में टैंक और ड्रोन से किया हमला, करीब 17...

इजराइल ने गाजा में टैंक और ड्रोन से किया हमला, करीब 17 की मौत

नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। गाजा में इजराइली टैंक और ड्रोन हमलों में करीब 17 लोगों की मौत हो जाने की सूचना प्राप्त हुई है। एक अस्पताल के कर्मियों ने यह जानकारी दी। ये हमले मध्य गाजा के दीर अल-बलाह और दक्षिण में खान यूनिस में हुए। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि अल-बलाह और खान यूनिस में इस्राइली हमलों में 17 लोगों की मौत हो गई। इस बीच, लेबनान के हिजबुल्ला ने बुधवार को 50 से ज्यादा रॉकेट दागे, जिनसे इजराइली कब्जे वाले ‘गोलान हाइट्स’ में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हिजबुल्ला ने कहा कि ये हमले मंगलवार रात को लेबनान में इजराइल के हमले के जवाब में किए गए।

Advertisements

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब एक ही दिन पहले अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा के दौरान गाजा में युद्ध विराम समझौता करने के राजनयिक मिशन के तहत मिस्र और कतर में अपने साथी मध्यस्थों से मुलाकात की थी। ईरान और लेबनान में हमास और हिजबुल्ला के दो शीर्ष कमांडर की हाल में निशाना बनाकर हत्या किए जाने से समझौते की आवश्यकता और बढ़ गई है। दोनों कमांडर की हत्या के पीछे इस्राइल का हाथ बताया जा रहा है। दूसरी ओर, ईरान और हिजबुल्ला ने दोनों कमांडर की मौत का बदला लेने का संकल्प लिया है। इस बीच, अहम मध्यस्थ देश मिस्र ने इस समझौते को लेकर बुधवार को संदेह व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here