
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। मिस्का इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल टकौता (भोरंज) में हिंदी दिवस के उपलक्ष पर ‘हिंदी दिवस’ धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने अपने बौद्धिक कौशल का परिचय देते हुए तरह-तरह के कार्यक्रमों मे भाग लिया l प्राथमिक स्तर के बच्चों ने हिंदी भाषा के ऊपर बड़े दिलकश अंदाज से हिंदी कविताएं प्रस्तुत की। अन्य छात्रों एंजेला अस्मिता, आन्या, ईशांत, ईशान, ने हिंदी के महत्व पर बड़ी खूबसूरत अंदाज में अपने विचारों को प्रस्तुत किया। हिंदी भाषा की आन बान और शान को दर्शाने वाले सुंदर-सुंदर पोस्ट भी बच्चों द्वारा बनाए गए।

आठवीं कक्षा के निखिल ने बेहद खूबसूरत ग्रीटिंग कार्ड बनाकर सबको हिंदी भाषा व राष्ट्र के प्रति भाव विभोर कर दिया।स्कूल की हिंदी अध्यापिका नीता शर्मा के मार्गदर्शन में ‘ भगत सिंह सदन’ द्वारा इस कार्यक्रम को बड़ी खूबसूरती से आयोजित किया गया। नवमी कक्षा की छात्रा रिदम व संचित द्वारा मंच संचालन किया गया। स्कूल प्रधानाचार्या ने बच्चों को संबोधित करते हुए हिंदी की प्रासंगिकता पर विचार प्रकट करते हुए हिंदी भाषा को राष्ट्रीय एकता अखंडता, सद्भावों , संस्कारों और आत्मिक विचारों की भाषा करार दिया। स्कूल प्रबंधक बीएस ठाकुर हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा के रूप में देखना चाहते हैं तथा उन्होंने बच्चों को हिंदीबोलने पर गौरव महसूस करने की प्रेरणा दी।












